शुक्रवार, 3 अक्टूबर 2014

टंग ट्विस्टर: ज़रा ज़बान संभाल कर


समझ समझ कर समझो तो समझना भी एक समझ है, 
समझ समझ कर जो ना समझे, मेरी समझ में वह ना समझ है. 
samajh samajh kar samjho to samajhna bhi ek samajh hai. 
samajh samajh kar jo na samjhe, meri samajh me woh na samajh hai

इसे पढ़ने के बाद शायद यह वाक्य आपको याद आया होगा। किसी समझदार व्यक्ति की ना समझी के लिए यह कितना सही वाक्य है! परन्तु इस वाक्य का महत्त्व सिर्फ इतना ही नहीं। ज़रा ध्यान से देखिए। लगभग हर शब्द अक्षर 'स' से शुरू होते हैं. इस वाक्य को आप जितनी तेज़ी से बोल सकते हैं, बार-बार बोलकर देखिए. कहीं आप लड़खड़ा तो नहीं गये? कोई नहीं, सभी लड़खड़ाते हैं.

अंग्रेजी में इसे टंग ट्विस्टर (tongue twister) कहते हैं.

टंग ट्विस्टर शब्द समूह, वाक्य या कविता के अंश होते हैं जिनमें एक जैसे ही सुनाई देने वाले शब्दों (alliteration) का संयोजन होता है. कुछ टंग ट्विस्टर में alliteration और कविता दोनों का संयोजन होता है.
सामान्यतः इस तरह के शब्द-समूह या वाक्य या कविता को एकदम सही बोल पाना थोड़ा कठिन होता है, विशेषकर जब आप इसे तेज़ी से, जल्दी-जल्दी और बार-बार बोलें.

टंग  ट्विस्टर का असल आनंद है उसे बार-बार, बिना रुके और बिना गलत उच्चारण के बोल पाना। अंग्रेजी में इसके कुछ उदाहरण हैं -

1) red lorry, yellow lorry

2) She sells sea-shells on the sea-shore.
    The shells she sells are sea-shells, I'm sure.
    For if she sells sea-shells on the sea-shore
    Then I'm sure she sells sea-shore shells.

3) Betty Botter bought a bit of butter.
    The butter Betty Botter bought was a bit bitter
    And made her batter bitter.
    But a bit of better butter makes better batter.
    So Betty Botter bought a bit of better butter
    Making Betty Botter's bitter batter better

चूँकि हिंदी एक ध्वन्यात्मक (phonetic) भाषा है, अर्थात हम जैसा बोलते हैं वैसा ही लिखते हैं या जैसा लिखते हैं वैसा ही बोलते भी हैं. इसीलिए  हिंदी या अन्य भारतीय भाषाओँ में टंग ट्विस्टर कम ही मिलते हैं. टंग ट्विस्टर का प्रयोग और उदाहरण अंग्रेजी में अधिक हैं क्योंकि उसकी वर्णमाला (alphabet) ध्वन्यात्मक (phonetic) नहीं है. टंग ट्विस्टर अंग्रेजी के उच्चारण को सुधारने में सहायक होता है. इसके अभ्यास से स्कूल-कॉलेज में elocution और वाद-विवाद में कम समय में ज़्यादा/पूरी बात कह पाना संभव होता है. शायद जो हिंदी सीख रहे हैं उनके लिए भी हिंदी के टंग ट्विस्टर उनके उच्चारण सुधारने में सहायक हो.

जो भी हो, बच्चों के बीच टंग ट्विस्टर का खेल छकाने के लिए बहुत मज़ेदार शब्द-खेल है.

***

फिल्मों में संभवतः पहली बार टंग  ट्विस्टर का प्रयोग अमिताभ बच्चन द्वारा १९८१ की फिल्म 'याराना' में हुई थी. नीतू सिंह (कोमल) के कहने पर अमिताभ (किशन) की ठेठ हिंदी सुधारने और सही उच्चारण का अभ्यास कराने के लिए एक मास्टरजी आये. बहुत प्रयास करने पर भी अमिताभ के उच्चारण में कोई सुधार नहीं आया. परेशान होकर अमिताभ ने मास्टरजी को अपनी ज़बान सुधारने के लिए 'कच्चा पापड़, पक्का पापड़' (kaccha papad, pucca papad) तेज़ी से कहने के लिए कहा. ज़ाहिर है, तेज बोलने पर मास्टरजी लड़खड़ा गये. उस घर के बाकी लोग भी सही तरीके से और तेज़ 'कच्चा पापड़, पक्का पापड़' नहीं बोल पाए? आप बिना रुके, जल्दी-जल्दी, बारह बार कच्चा  पापड़ पक्का पापड़ बोलकर तो देखिए. पर ज़बान संभाल कर और अमिताभ बच्चन की तरह.

हिंदी का सबसे पुराना और प्रचलित टंग ट्विस्टर तो  'चंदू के चाचा ने चंदू की चाची को चांदनी चौक पर चांदी के चम्मच से चटनी चटाई' (Chandu ke chacha ne chandu ki chachi ko chandni chowk mein chaandi ke chammach se chatni chatayee) है। इसे ह्रितिक रोशन ने २००१  की फिल्म 'कभी ख़ुशी कभी गम' में बोलकर फिर से जीवनदान दिया.

हिंदी फ़िल्मी गानों में पहली बार पहेली और alliteration का प्रयोग शायद राज कपूर की 'मेरा नाम जोकर' (१९७०) के गाने 'तीतर के दो आगे तॆतर…' में मिलती है. हसरत जयपुरी द्वारा लिखे इस बोल से दो अनूठी टंग ट्विस्टर बहुत प्रसिद्द हुए हैं.

चार कचरे कच्चे चाचा, चार कचरे पक्के 
पक्के कचरे कच्चे चाचा,  कच्चे कचरे पक्के 
chaar kachre kachhe chacha, chaar kachre pakke 
pakke kachre kachhe chacha, kachche kachre pakke



 पीठ ऊँची ऊंट की, ऊंचाई से  होती 
होती है होती ही है पीठ ऊँची ऊंट की 
 peeth unchi unt ki, unchaayi se nahi hoti
hoti hi hai hoti hi hai, peeth unchi unt ki
 
 
ऊंट पर आधारित टंग ट्विस्टर के कई नए रूप आये हैं जिनमें सबसे प्रचलित है:

एक ऊँचा ऊँट है?
पूूँछ ऊँची ऊँट की
पूूँछ से भी ऊँची कया?
पीठ ऊँची ऊँट की

Ek ooncha oont hai -
Poochh oonchi oont ki
Poochh se bhi oonchi kya?
Peeth oonchi oont ki.


इस टंग ट्विस्टर के एक और रूप को हाल ही में इंडिया टीवी के संस्थापक और 'आप की अदालत' के रजत शर्मा ने 'कॉमेडी नाइट्स विथ कपिल' शो में फिर से मशहूर किया था.

पीठ ऊँची ऊँट की या पूँछ ऊँची ऊँट की 
peeth unchi unth ki ya poonchh unchi unth ki
 
हिंदी फिल्म गीत की परंपरा में २००६ की आमिर खान - काजोल की फिल्म फ़ना के गीत 'चंदा चमके' के बोल से कई टंग  ट्विस्टर निकल कर आये हैं, जिनमें सबसे प्रसिद्द हुआ है -

खड्गसिंह के  खड़कने  से खड़कती है खिड़कियां 
खिड़कियों के  खड़कने  से खड़कता है खड्गसिंह

Khadak Singh ke khadakane se khadakati hain khidkiyan, 
khidkiyon ke khadakane se khadakata hai Khadak Singh.

नए दौर के इस टंग ट्विस्टर का श्रेय फ़ना के गीतकार प्रसून जोशी को जाता है. इस गाने में दो और टंग  ट्विस्टर हैं -

चंदा चीनी चमके चाटे चोखना चीखे चोर 
चंदा चमके चम चम चीखे चोखना चोर
चीटीं चाटे चीनी चटोरी चीनी खोर
chanda cheeni chamkay chatay chokhana cheekay chor
chanda chamke cham cham cheekay chokana chor
cheeti chatay cheeni chatori cheeni khor

पके पेड़ पर पका पपीता, पका पेड़ या पका पपीता
पके पेड़ को पकड़े पिंकू, पिंकू पके पका पपीता
pakay pair per paka papeeta paka pair ya paka papeeta
pakay pair ko pakray pinku pinku pakray paka papeeta

ऊँट की तरह पपीता भी बहुत पॉपुलर टंग ट्विस्टर है - 

पीतल के पतीले में पपीता पीला पीला
peetal ke patile mein papita pila pila 

या फिर

पीतल के पतीले में पका पपीता
peetal ke patile mein paka papita

कुछ और टंग  ट्विस्टर इस प्रकार हैं:

१) तोला राम तेल तौलते हुए तेल में तुल गए
tola ram tel tolte huye tel mein tul gaya

२) डाली डाली पर नज़र डाली -
    किसीने अच्छी डाली, किसीने बुरी डाली
    जिस डाली पर मैंने नज़र डाली,
    वह डाली किसीने तोड़ डाली

Dali dali pe najar dali -
kisine achchi dali, kisine buri dali;
Jis dali pe maine najar dali,
woh dali kisine tod dali.

हिंदी के इन कुछ टंग ट्विस्टर का आनंद उठाइये, पर ज़रा ज़बान संभाल कर...

साथ ही आप सबसे अनुरोध है कि यदि आप कोई टंग ट्विस्टर जानते हैं या बना सकते हैं, तो हमें ज़रूर bujhotojaane@gmail.com पर लिख भेजें. हम उन्हें सहर्ष आपके नाम सहित बूझो तो जानें पर प्रकाशित करेंगे. और हिंदी में नए, अनूठे टंग ट्विस्टर भेजने वाले पहले पांच लोगों को 'पहेली बूझो और बनाओ' पुस्तक भेजेँगे.    

लेबल: , , , , , , ,

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें

सदस्यता लें टिप्पणियाँ भेजें [Atom]

<< मुख्यपृष्ठ