रविवार, 18 अक्टूबर 2015

संबंध पहेली या नई निस्बतें

क्या आपको पहेलियाँ बूझने-बुझाने में आनंद मिलता है? बूझो तो जानें द्वारा मेरा उद्देश्य है कि मैं आपके सामने नयी-पुरानी हर तरह की पहेली प्रस्तुत करूँ। इन पहेलियों से हम सबका दिमागी कसरत भी हो और मनोरंजन भी।  

इस कड़ी में आज की चर्चा का विषय अमीर खुसरो (१२५३ - १३२५) द्वारा बनाई गयी निस्बतों पर आधारित नई निस्बतें। यदि निस्बतें आपके लिए एकदम नई प्रकार की पहेली हैं तो निस्बतों के बारे में जानने के लिए और खुसरो द्वारा रचित निस्बतों को बूझने के लिए निस्बतें या संबंध पहेली पोस्ट देखें। 


अरबी से आये 'निस्बत' शब्द का अर्थ है 'तुलनाया 'संबंध'। अंग्रेजी में कहें तो 'similar' या 'common'। निस्बत में दो परस्पर अलग वस्तुओं के बारे में एक प्रश्न पूछा जाता है। इनका उत्तर इन दो वस्तुओं के बीच का संबंध दिखाता है। चलिए, एक संकेत देता हूँ। इन दो वस्तुओं के बीच का संबंध एक शब्द है। किसी भी शब्द के सामान्यतः कई अर्थ होते हैं। उस शब्द का अर्थ अथवा प्रयोग उन अलग-अलग वस्तुओं के बीच का संबंध दिखाता है। यही निस्बतों का आधार है।    

निस्बतें भी दो-सुखना की तरह शब्द-जाल पहेली है। पारम्परिक परिभाषा में इन्हें पहेली नहीं कह सकते हैं। चिस्तान की तरह मूलतः निस्बतें और दो-सुखना भी प्रश्नों पर आधारित बुझौवल है। अंग्रेजी में निस्बत का समतुल्य 'what is the similarity between' वाले riddle प्रश्न हैं। 


खुसरो ने बहुत सारी निस्बतों की रचना की थी, पर बदले हुए समय में सब निस्बतें प्रासंगिक नहीं हैं। कारण यह है कि खुसरो की अधिकतर निस्बतें ऐसे शब्दों पर आधारित हैं जो आज प्रचलित नहीं हैं तो चलिए, निस्बत को समसामयिक बनाया जाय और खुसरो की परंपरा को अक्षुण्ण रखा जाय।  

हिंदी में आम बोलचाल की भाषा के अनुरूप, निस्बतों के मूल तत्त्व को बताने वाला सबसे उपयुक्त शब्द 'संबंध' है। इसीलिए, खुसरो की इस विधा को अधिक लोकप्रिय बनाने के लिए हम निस्बतों को 'संबंध पहेली' भी कह सकते है। 

नीचे प्रस्तुत हैं कुछ नई निस्बतें। ज़रा बूझो तो जानें…  


१) मकान और क्रिकेट में क्या संबंध है?

२) बीमार और बंदूक में क्या संबंध है?


३) पेड़ और बैंक में क्या संबंध है? 
४) भारतीय कैलेंडर के एक महीने और पति के बड़े भाई में क्या संबंध है?

५) बड़े एवं आलीशान मकान और पश्चिम बंगाल में क्या संबंध है?

६) प्रश्न और दिशा में क्या संबंध है? 

७) माँ और चेचक (smallpox) में क्या संबंध है? 

८) पुलिस और मंदिर में क्या संबंध है? 

९) धान की खेती के ज़मीन और हाथ से बने कपड़े में क्या संबंध है? 

१०) अकड़ना और जकड़ना में क्या संबंध है? 

११) मन को आनंद पहुँचाने वाला और भगवान गणेश के चढ़ावे में क्या संबंध है? 

१२) बच्चे के जन्म के बाद उसके पहले उत्सव और माँ दुर्गा में क्या संबंध है? 

१३) क्रिकेट और लूडो में क्या संबंध है?
    
१४) बीते हुए समय और दिशा में क्या संबंध है? 

१५) पेड़ और ताश की गड्डी में क्या संबंध है?

१६) ऋण और फिरौती में क्या संबंध है?

अच्छा तो आप कितने संबंध पहेली बूझ पाये। चलिए, आपको इनका उत्तर बूझते हैं:

१) चौका। मकान में चौका (रसोईघर) होता है और क्रिकेट में चार रन को चौका कहते हैं।

२) गोली। बीमार को ठीक होने के लिए दवाई की गोली चाहिए; बंदूक को चलने के लिए गोली चाहिए।

३) शाखायें। पेड़ और बैंक दोनों की शाखायें होती हैं। 

४) जेठ।

५) बंगला।एक बड़े और आलीशान मकान को बंगला भी कहते हैं और पश्चिम बंगाल की मुख्य भाषा का नाम भी 
बंगला है।

६) उत्तर। यदि प्रश्न पूछा है तो उसका जवाब या answer या उत्तर तो देना ही पड़ेगा; और उत्तर दिशा में ध्रुव तारा ही रात के समय आपको दिशा दिखाता है।  

७) माता। जैसे माँ का एक सम्बोधन माता है वैसे ही चेचक को एक समय में माता भी कहते थे। 

८) चौकी। पुलिस स्टेशन को भारत में चौकी कहते हैं; किसी मंदिर या साधु-संत की गद्दी को भी चौकी कहते हैं। 

९) खादर। 

१०) ऐंठ। यदि अकड़ में ऐंठ (arrogance /obstinacy) है तो जकड़ में भी ऐंठ (tightening, stiffness) है।  

११) मोदक। जो खुशी या खुशी का कारण बनता है उसे मोदक कहते हैं; और भगवान गणेश के चढ़ावे को भी मोदक (एक प्रकार का लड्डू) कहते हैं।

१२) षष्टी। 

१३) छक्का। दोनों में छक्का सबसे बड़ा अंक पाने के लिए होता है।क्रिकेट में बल्लेबाज़ छ रन मार सकता है और लूडो के पासे में चाल चलने के लिए छ आ सकता है।  
    
१४) पूर्व।  

१५) पत्ते। पेड़ में पत्ते होते हैं और ताश की गड्डी में भी चार अलग रंग के ५२ पत्ते होते हैं। 

१६) बंधक। बंधक (security) होगा तब ही ऋण मिलता है और किसीको बंधक (hostage) बनाने पर ही फिरौती मिलती है।


***

अच्छा लगा! तो अपने परिवार और मित्रों के बीच संबंध पहेली को प्रसारित करें। और आप भी निस्बत संबंध पहेली बना कर लिख भेजें। आपके नाम सहित इसे बूझो तो जानें पर मैं प्रकाशित करूँगा। अपनी प्रतिक्रिया और पहेलियाँ इस पते पर भेजें - bujhotojaaneATgmailDOTcom   




लेबल: , , ,

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें

सदस्यता लें टिप्पणियाँ भेजें [Atom]

<< मुख्यपृष्ठ