बुधवार, 28 अक्टूबर 2015

गोपू की कुछ और सरल पहेलियाँ

क्या आप गोपू को नहीं जानते? अरे, वह भी आपके-मेरे जैसा पहेलियों का शौक़ीन है! यदि हम अपनी बिरादरी के लोगों को नहीं जानें-पहचाने तो पहेलियाँ आगे कैसे बढ़ेंगी? 

चलिए, मैं आपको गोपू के बारे में बताता हूँ। उन्नीस-बीस वर्ष का यह युवक मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ शहर के एक छोटे कसबे में रहता है। परिस्थितिवश वह ज़्यादा पढ़-लिख तो नहीं पाया, पर गोपू बहुत बुद्धिमान है। उसका ज्ञान का खज़ाना गूगल से भी सटीक और व्यस्थित है। न केवल अपने शहर बल्कि आसपास के क्षेत्र के बच्चे-किशोर अपने गोपू दादा को बहुत प्यार करते हैं। 

गोपू को नित्य कुछ नया जानना-सीखना पसंद है। साथ ही उसे बच्चे-बड़े सबके लिए नई पहेलियाँ बनाने का शौक भी है। उसके इस शौक ने उसे इतना लोकप्रिय बना दिया कि महाशय संजय रावत ने गोपू की कहानी ही लिख डाली। हमारे गोपू पहेली बूझो और बनाओ पुस्तक के हीरो हो गए। टीकमगढ़ और आसपास के इलाके में गोपू बॉलीवुड फिल्मों की मशहूर खान तिकड़ी - शाहरुख़-सलमान-आमिर - से कम बड़े हीरो नहीं हैं!

पर गोपू हैं बड़े शर्मिले। अपनी कहानी अपनी ज़बानी नहीं कहते। औरों तरह उन्हें अपने मुँह मियाँ मिट्ठू मुहावरे को सही सिद्ध करने का कोई शौक नहीं। श्रीमान संजय को इसीलिए पहेली बूझो और बनाओ द्वारा गोपू की कहानी को विश्व के सामने लाना पड़ा। इतनी ख्याति के बाद भी गोपू नहीं बदले। उन्होंने अपनी कुछ नई सरल पहेलियाँ श्रीमान संजय द्वारा मेरे पास भेजीं हैं। बच्चों के लिए यह पहेलियाँ रिश्तों/रिश्तेदारों पर आधारित हैं। गोपू की इन पहेलियों को बूझो तो जानें...


१) 
कभी माँ है, कभी है बहना 
पत्नी रूप में क्या कहना 
दुनिया में जो हमको लाती 
बूझो भला क्या जानी जाती 

२) 
मुन्नी की मम्मी के भाई 
दूर गगन में हैं परछाई 
चंदा से उनका हो वर्णन 
मम्मी बांधे राखी का बंधन 

३) 
दादी के जो दो हैं बेटे 
साथ एक घर में हैं रहते 
बड़े को तुम पापा बुलाते 
तो छोटे भला क्या कहलाते  

४)
तेरे पापा मेरे फूफा 
मेरी मम्मी तेरी मामी 
जिनको कहता हूँ मैं दादी
बताओ वह तेरी क्या कहलाती 

५) 
मेरी माँ की वह है बहना 
इस रिश्ते का क्या कहना 
वैसे वह माँ न कहलाती 
पर ममता वह माँ सी दिखाती 

६)
बुआ मेरी उनकी लगती है बेटी 
मेरे चाचा के वह पापा 
पापा भी कहते उनको पापा 
जीता वही जो नाम बताता 

७) 
मम्मी के भाई के पापा 
मामा के बच्चों के दादा 
पत्नी उनकी लगती नानी 
नाम बूझकर बनो ज्ञानी 

८) 
राखी से सजती है कलाई 
गर्व होता जब कहती वह भाई 
गोपी ने भी लाज निभाई 
शादी कर उसकी डोली उठाई 

  

उत्तर के लिए नीचे स्क्रोल करें:


१) नारी / महिला 
२) मामा 
३) चाचा 
४) नानी 
५) मौसी 
६) दादा 
७) नाना
८) बहन



--इति-- 



लेबल: , , ,

2 टिप्पणियाँ:

यहां 17 जुलाई 2016 को 11:31 am बजे, Blogger Unknown ने कहा…

7-8 ka answer ulta hai

 
यहां 19 जुलाई 2016 को 1:34 pm बजे, Blogger बूझो तो जानें... ने कहा…

महिमा जी,

यह गलती बताने के लिए धन्यवाद! इसको हमने अब ठीक ठीक कर दिया है.

टीम बूझो तो जानें

 

एक टिप्पणी भेजें

सदस्यता लें टिप्पणियाँ भेजें [Atom]

<< मुख्यपृष्ठ