आप कितने स्मार्ट हैं?
बच्चे-बड़े सबके लिए कुछ मनोरंजक सरल पहेलियाँ। नीचे दिए हर वाक्य में कोई-न-कोई सब्ज़ी, फल या मसाला छिपा हुआ है। ज़रा, बूझो तो जानें...
यदि आप बीस या उससे अधिक सब्ज़ी, फल या मसाला ढूँढ़ लेते हैं तो आप जीनियस हैं; यदि पंद्रह से ऊपर तो आप स्मार्ट हैं; यदि दस से कम ढूँढ़ पाए तो फिर मैं क्या कहूँ, आप ख़ुद ही समझ जाइए!
तो शुरू करें:
१) अपना हाज़मा ठीक रखने के लिए अनूप पीता है चाय।
२) देश में बिना वजह कलह सुनकर प्रवासी भारतीयों को बहुत दुःख होता है।
३) संत राम सन्तरी को चौकीदारी नहीं फल खाना पसंद है।
४) समुद्री लुटेरों के जहाज़ का पाल कप्तान ने काट डाला।
५) होलिका दहन में लौ की क्या दिशा होती है?
६) मेंढक बैठा टमटम टर-टर करे।
७) हमें खाना शुद्ध घी या सरसों तेल में ही बनाना चाहिए।
८) बिन मौसम बीन बजाना ठीक नहीं है।
९) तुम्हें कोई भी चूक अंदर कर सकती है।
१०) भारतीय मसाले विदेशियों की आँखें नम कर देती हैं।
११) सब कुछ गया कट, हल कुछ नहीं निकला!
१२) क्या ओके, लाला! तुम तो एकदम मूर्खों जैसे बात कर रहे हो।
१३) मूर्ख के कई नाम हैं, उनमें एक बोकनबथुआ भी है।
१४) मेमना बहुत तेज़ पत्ता खाता है।
१५) आजकल आमिर चर्चा का विषय है।
१६) शराब मत पियो मामू लीवर ख़राब हो जाएगा।
१७) ब्याह के समय साज-गाज रमणी को और भी सुंदर बना देती है।
१८) यहाँ आओ तो रीता।
१९) न्यायालय के बाहर कानूनगो भी एक साधारण नागरिक है।
२०) उसकी कूची-कूची में देश के लिए प्रेम भरा था।
और, अंत में आपका स्कोर बढ़ाने के लिए एक बम्पर सवाल:
एक अरबी ने भटिंडा में आलूबुख़ारा खाया और बोला, 'यह हमारे देश में आम है।'
उत्तर के लिए नीचे स्क्रोल करें:
इन वाक्यों में आप कितने फल, सब्ज़ी और मसाले ढूँढ़ पाए? इनमें कुल पच्चीस फल, सब्ज़ी और मसाले हैं!
१) पपीता
२) लहसुन
३) संतरा
४) पालक
५) लौकी
६) मटर
७) घीया
८) मौसम्बी
९) चुकंदर
१०) नमक
११) कटहल
१२) केला
१३) बथुआ
१४) तेज़पत्ता
१५) मिर्च
१६) मूली
१७) गाजर
१८) तोरी
१९) गोभी
२०) चीकू
आख़िरी का उत्तर है अरबी; टिंडा; आलू; आलूबुख़ारा और आम।
तो, आप जीनियस हैं या सिर्फ स्मार्ट या फिर...
लेबल: दिमागी कसरत, पहेली उत्तर सहित, प्रश्नोत्तरी, सरल पहेलियाँ


0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें
सदस्यता लें टिप्पणियाँ भेजें [Atom]
<< मुख्यपृष्ठ