मंगलवार, 20 दिसंबर 2016

माथापच्ची - १: गणित और तर्क के कुछ कठिन, कुछ सरल पहेलियाँ

यहाँ पर गणित और तर्क के कुछ कठिन प्रश्न, कुछ सरल पहेलियाँ दी गयी हैं।इन पहेलियों का उत्तर इस पोस्ट के अंत में हैं। साथ में इन पहेलियों के हल का तर्क व्याख्या के साथ (questions with solutions and explanations) दिया गया है।

पर स्क्रोलकर उत्तर देखने से पहले स्वयं इसका हल ढूँढ़ने का प्रयास जरूर कीजिएगा। इस दिमागी कसरत का आनन्द कुछ और ही है।

गणित और तर्क की कुछ कठिन, कुछ सरल पहेलियाँ को बूझो तो जानें . . .

१) यदि मेज पर एक दर्जन आम हैं और उसमें से आप सात ले लेते हैं, तो आपके पास कितने आम हैं?

२) एक हवाई जहाज मुम्बई से दिल्ली की दूरी १ घण्टे ५० मिनट में तय करती है, पर वही विमान लौटते समय ११० मिनट लेती है। ऐसा क्यों?

३) एक पोल्ट्री फार्म के मालिक को एक दिन १००० अंडे का ऑर्डर मिला। उसके यहाँ ३०० मुर्गे थे। उनमें से १०० मुर्गे हर दिन पाँच अंडे देते थे; १०० मुर्गे सात और बाकी १०० अंडे नहीं देते थे। ऑर्डर पूरा करने के लिये उसे कितने मुर्गों के पास जाना पड़ेगा?

४) एक गाड़ी में दो माताएँ, दो बेटियाँ, एक नानी और एक नतनी बैठे हैं। उस गाड़ी में कुल कितने लोग हैं?

५) आप १०० में से २ कितनी बार ले सकते हैं?

६) यदि आज सोमवार है, तो ६१ दिन बाद सप्ताह का कौन-सा दिन पड़ेगा?

७) एक पिता और पुत्र की उम्र को यदि हम जोड़े तो उसका योग ६६ आता है। मजे की बात तो यह है कि बेटे की उम्र पिता की उम्र की संख्या को उलटकर लिखने से जो संख्या बनती है, वह है। उन दोनों की उम्र क्या है?


उत्तर के लिए नीचे स्क्रोल करें:


१) सात। क्योंकि आप ही ने तो सात आम ले लिये हैं।
२) दोनों एक ही है; १ घण्टा ५० मिनट = ११० (१ घण्टा = ६० मिनट; ६० + ५० मिनट = ११०मिनट)
३) एक भी नहीं। क्या मुर्गे कभी अंडा देते हैं!
४) तीन। नानी, उनकी बेटी और उनकी बेटी। नानी अपनी बेटी की माँ है; उसकी बेटी अपनी बेटी की माँ है - दो माताएँ; दो बेटियाँ; एक नानी और एक नतनी।
५) सिर्फ एक बार। एक बार २ लेने से संख्या १०० नहीं बचती है, घटकर ९८ हो जाती है।
६) शनिवार। एक सप्ताह में सात दिन होते हैं। सप्ताह का कोई भी दिन सात दिन बाद फिर आता है। ६३ दिन बाद सोमवार आएगा। उससे दो दिन पहले, ६१वाँ दिन, शनिवार होगा।
७) इस प्रश्न के तीन सम्भावित उत्तर हैं। पिता-पुत्र की उम्र ६० और ०६; ५१ और १५ एवं ४२ और २४ हो सकती है। पिता के उम्र की संख्या को उलटकर लिखने पुत्र की आयु भी मिल जाती है और इन तीनों अंक समूह का जोड़ ६६ है।

***

आपको गणित की पहेलियाँ और तर्क पर आधारित यह प्रश्न-गुच्छ कठिन लगे याआसान, बताइएगा जरूर।

लेबल: , , , ,

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें

सदस्यता लें टिप्पणियाँ भेजें [Atom]

<< मुख्यपृष्ठ