गुरुवार, 12 अगस्त 2010

निस्बतें या संबंध पहेलियाँ

विलक्षण प्रतिभा के धनी और अपने समय में सामाजिक सद्भाव बढ़ाने के लिए अमीर खुसरो (१२५३ - १३२५) ने एक नयी भाषा, नयी सोच को जन्म दिया। अपनी बात को सहजता से आम लोगों तक पहुँचाने के लिए खुसरो ने विभिन्न भाषाओँ से शब्द लिए और अनेक नयी विधाओं का भी आविष्कार किया। निस्बत भी उन्हीं में से एक है।  

खुसरो ने 'निस्बत' शब्द अरबी भाषा से लिया है। इसका अर्थ है 'तुलना' या 'संबंध'। अंग्रेजी में कहें तो 'similar' या 'common'।    

निस्बत में दो परस्पर अलग वस्तुओं के बीच में संबंध, तुलना या समानता का बिंदु ढूढ़ना पड़ता है। चलिए, एक संकेत देता हूँ। इन दो वस्तुओं के बीच का संबंध एक शब्द है। किसी भी शब्द के सामान्यतः कई अर्थ होते हैं। उस शब्द का अर्थ अथवा प्रयोग उन अलग-अलग वस्तुओं के बीच का संबंध दिखाता है। यही निस्बतों का आधार है।    

निस्बत को, एवं फारसी से आये चिस्तान (वह कौन-सी चीज़ है, वह कौन है, वह क्या है, वह क्या है, वह कौन-सा, वह कौन-सी… पर आधारित प्रश्न) को, पारम्परिक परिभाषा के आधार पर पहेली नहीं कह सकते हैं। मूलतः अमीर खुसरो की देन - निस्बतें एवं दो सुखना, और चिस्तान, प्रश्न पर आधारित बुझौवल हैं। अंग्रेजी में निस्बत का समतुल्य what is the similarity between वाले riddle प्रश्न हैं। 


जो भी हो, इन प्रश्नों पर आप और हम माथापच्ची करते हैं, दिमागी कसरत करते-करवाते हैं और ठीक उसी तरह इन नयी प्रकार की पहेलियों का उत्तर खोजने का प्रयास करते हैं जैसे पहेली बूझने में। निस्बतों से मनोरंजन होता है और ज्ञान-वर्द्धन भी - शब्द सम्पदा बढ़ती है और एक शब्द के विभिन्न अर्थों/प्रयोगों से परिचय होता है। इस तरह के पहेली प्रश्न समस्या को सुलझाने की क्षमता (problem solving aptitude) को विकसित करने में सहायक होते हैं। 

तो आइये, पहले खुसरो द्वारा बनाई गई निस्बतों से मिलते हैं। चूँकि निस्बतें आज बहुत लोकप्रिय नहीं हैं, इसलिए खुसरो की निस्बत पहेलियाँ उत्तर सहित नीचे दी गई हैं: 

१) आदमी और गेहूं में क्या निस्बत है? 
- 'बाल'। आदमी के सिर पर बाल होते हैं और खेत में उगे गेहूं के भी बाल होते हैं।
२) बादशाह और मुर्ग में क्या निस्बत है? 
- ताज। बादशाह ताज (राजमुकुट) धारण करता है और मुर्गे के सिर पर भी ताज (कलंगी)  होता है।

३) मकान और पायजामे में क्या निस्बत है? 
- मोरी। मकान में नाली को मोरी कहते हैं और पायजामे में नीचे की घेर (मोहरी) को भी मोरी कहते हैं। 
४) कपड़े और नदी में क्या निस्बत है? 
- पाट। कपड़े और नदी दोनों की ही चौड़ाई को पाट कहते हैं।

५) आम और जेवर में क्या निस्बत है? 
- कीरी। कीरी उस आम को कहते हैं जिस पर पत्ते का दाग लगने से कुछ भाग काला हो जाता है।दूसरी ओर कीरी एक गहने का भी नाम है जो हाथ में पहना जाता है। 

६) जानवर और बन्दूक में क्या निस्बत है? 
- घोड़ा। घोड़ा एक प्रकार का जानवर है तो वहीं बन्दूक का वह भाग जिसको दबाने से गोली चलती है उसे घोड़ा कहते हैं।

७) मकान और कपड़े में क्या निस्बत है?

- लट्ठा। मकान बनाने में लट्ठा लगता है और एक प्रकार का कपडा लट्ठा होता है।  

८) गोटे और आफ़ताब (सूर्य) में क्या निस्बत है?

- किरन। गोटे किनारी की झालर को किरन कहते हैं और सूर्य की किरण। 

९) गहने और दरख़्त (पेड़) में क्या निस्बत है?

- पत्ता। पत्ते जैसा एक गहना जो कानों में पहना जाता था और पेड़ का पत्ता। 

१०) मकान और अनाज में क्या निस्बत है?

- कंगनी। मकान की छत के नीचे उसकी सुंदरता बढ़ाने के लिए बनाई गयी लकीर और एक तरह का चावल जिसे कंगनी कहते हैं।         

***

निस्बतें हैं न मज़ेदार। इन पहेलियों को बूझने की गूढ़ बात समझ गए तो… 

अच्छा लगा! तो अपने परिवार और मित्रों के बीच इस संबंध पहेली को प्रसारित करें। और आप भी निस्बत संबंध पहेली बना कर लिख भेजें। आपके नाम सहित इसे बूझो तो जानें पर मैं प्रकाशित करूँगा।  अपनी प्रतिक्रिया और पहेलियाँ इस पते  पर भेजें - bujhotojaaneATgmailDOTcom   

***

यह पोस्ट १२ अगस्त २०१० में लिखे निस्बतें पोस्ट का संशोधित एवं परिवर्द्धित संस्करण है जिसमें १३ अक्टूबर २०१५ को परिवर्तन किया गया है । 

लेबल: , ,