शुक्रवार, 27 अगस्त 2010

जोड़ में बेजोड़  
कुछ शब्द एक-दूसरे से इस तरह जुड़ गये हैं कि उनका प्रयोग एक साथ होने लगा है. अब तो ऐसा लगता है कि वे एक-दूसरे के बिना अधूरे हैं. जैसेकि:

सुई-धागा, दिन-रात, सुख-दुःख.

ऐसे शब्दों को जोड़ीदार शब्द भी कहते हैं. पर शब्द जोड़ीदार कैसे बनते हैं?

सामान्यतः एक-दूसरे के पूरक होने के कारण उनका प्रयोग एक-साथ होता है. सुई के बिना धागे का कोई महत्त्व नहीं है और धागा न हो तो सुई किस काम की?   

इसी तरह एक-दूसरे के पूरक होने के कारण कुछ विलोम शब्द भी जोड़ीदार शब्द बन गये हैं. जैसे कि दिन-रात और सुख-दुःख.

कुछ जोड़ीदार शब्द मानवीय या मानस पटल से जुड़े हुए है और एक साथ प्रसिद्द हुए हैं, जैसे राम-लक्ष्मण. सामान्यतः बड़ा या जिसके होने से ही दूसरा हुआ है वही पहले आता है. पर इसमें एक अपवाद, कृष्ण-बलराम. हालांकि बलराम कृष्ण से बड़े हैं, पर कृष्ण अधिक लोकप्रिय हुए, इसलिए उनका नाम पहले आता है.
   
तो, नीचे दिये शब्दों के जोड़ीदार शब्द खोजें क्या? 
दूध, खट्टा, रुपया, भूखी, खाना, कलम, रंग, धनुष, आना, गिल्ली

और इनका - 
नल, राहु, भरत, लव, राधा

या फिर अगर हम यह पूछें कि आमतौर पर प्रचलित इनका बड़ा जोड़ीदार शब्द क्या है: 
महाभारत, सर्वनाम, बीरबल, राम  

उत्तर के लिये नीचे स्क्रोल करें:  

१) दूध-दही, खट्टा-मीठा, रुपया-पैसा, भूखी-प्यासी, खाना-पीना, कलम-दवात, रंग-रूप, धनुष-बाण, आना-जाना, गिल्ली-डंडा

२) नल-नील, राहु-केतु, भरत-शत्रुघ्न, लव-कुश, राधा-कृष्ण

३) रामायण-महाभारत, संज्ञा-सर्वनाम, अकबर-बीरबल, सीता-राम  

 

लेबल: ,

बुधवार, 25 अगस्त 2010

बूझो मेरा नाम सही...१

बच्चे-बड़े सबके लिये कुछ सरल पहेलियाँ...

ज़रा बूझो तो जानें...


१) रात में है, दिन में नहीं
    दिये के नीचे, ऊपर नहीं
    बूझो मेरा नाम सही

२) कौवे में है, हंस में नहीं
    हाथी में है, शेर में नहीं
    बूझो मेरा नाम सही

३) पालतू हूँ पर कुत्ता नहीं
    नकलची हूँ पर बन्दर नहीं
    बूझो मेरा नाम सही




उत्तर के लिए नीचे स्क्रोल करें
१) अँधेरा 
२) काला रंग
३) तोता

लेबल: , ,

मंगलवार, 24 अगस्त 2010

कहीं इनमें आपका कोई मित्र तो नहीं? - १

यहाँ कुछ शब्दों का एक समूह है. हो सकता हैं कि इनमें  आपके मित्रों के नाम निकल आयें...

ज़रा बूझो तो जानें...

१) जिसका कोई शत्रु न जन्मा हो

२) जिसका जन्म पीछे (बाद में) हुआ हो

३) तपस्या के समय पत्तों को भी न खाने वाली

४) जो पूजा में देने योग्य हो

५) मृत्यु पर विजय प्राप्त कर लेने वाला




उत्तर के लिये नीचे स्क्रोल करें 

१) अजातशत्रु

२) अनुज

३) अपर्णा 

४) अर्चना

५) अमर

लेबल: ,

शुक्रवार, 20 अगस्त 2010

वह कौन सी चीज़ है जो...१

 
१) ...सब बच्चे खाते तो हैं, पर पसंद नहीं करते?

२) ...सिर्फ बढती है, कभी घटती नहीं?

३) ...काम में लाते ही नीचे चली जाती है, कभी ऊपर नहीं आती?








उत्तर के लिए नीचे स्क्रोल करें:

१) डांट या मार

२) उम्र

३) मोमबत्ती

लेबल: ,

गुरुवार, 19 अगस्त 2010

उलटा सीधा एक समान - १ 


यहाँ कुछ सामान्य ज्ञान के प्रश्न हैं. देखने में तो सारे प्रश्न तो क्विज़ के लगते हैं, कुछ हद तक हैं भी, किन्तु इन प्रश्नों के उत्तर की एक विशेषता है. सभी उत्तर उलटा सीधा एक समान हैं, अर्थात सीधा पढ़ने पर या फिर उलटकर पढ़ने पर भी उत्तर एक जैसे ही रहते हैं. एक और संकेत--सभी उत्तर कम-से-कम तीन अक्षर के हैं. 

ज़रा बूझो तो जानें...

१) ओडिशा का सबसे पुराना शहर
२) जो पानी में पैदा हुआ हों
३) इसे हम मिटाने के काम में लाते हैं


उत्तर के लिये नीचे स्क्रोल करें:  

१) कटक
२) जलज
३) रबर. हालांकि रबड़  सही शब्द है, पर रबर का प्रयोग आजकल ज्यादा होता है


लेबल: , ,

बुधवार, 18 अगस्त 2010

आप कितने चतुर हैं? - १

१) आप मेराथोंन रेस में भाग ले रहे हैं. आप दूसरे प्रतियोगी से आगे निकल जाते हैं, तो रेस में आपका कौन सा स्थान होगा?

२) गया गया गया.
 

३) मक्खी और भौंरा एक ही जाति के हैं, परन्तु मक्खी का भिनभिनाना हमें अच्छा नहीं लगता, जबकि  भौरें का _______ अच्छा लगता है?




 
उत्तर के लिए नीचे स्क्रोल करें

१) दूसरा. यदि आप दूसरे प्रतियोगी को पछाड़ते हैं तो आप उसी का स्थान तो लेंगे

२) 'गया' नाम का आदमी, 'गया' नाम का शहर चला 'गया'.

३) गुंजन 

लेबल: ,

सोमवार, 16 अगस्त 2010

सोचना मना है! - १   


भारतीय परंपरा की इन महान नारियों के पुत्रों ने अपनी माता से अपना नाम पाया है.


सोचिये मत. प्रश्न पढ़ते ही उत्तर दीजिये...ज़रा बूझो तो जानें...  

१) कुंती के पुत्र

२) अदिति का पुत्र
३) गंगा का पुत्र



उत्तर के लिए नीचे स्क्रोल करें:




१) कौन्तेय
२) आदित्य (सूर्य का एक और नाम)
३) गांगेय

लेबल: , ,

गुरुवार, 12 अगस्त 2010

निस्बतें या संबंध पहेलियाँ

विलक्षण प्रतिभा के धनी और अपने समय में सामाजिक सद्भाव बढ़ाने के लिए अमीर खुसरो (१२५३ - १३२५) ने एक नयी भाषा, नयी सोच को जन्म दिया। अपनी बात को सहजता से आम लोगों तक पहुँचाने के लिए खुसरो ने विभिन्न भाषाओँ से शब्द लिए और अनेक नयी विधाओं का भी आविष्कार किया। निस्बत भी उन्हीं में से एक है।  

खुसरो ने 'निस्बत' शब्द अरबी भाषा से लिया है। इसका अर्थ है 'तुलना' या 'संबंध'। अंग्रेजी में कहें तो 'similar' या 'common'।    

निस्बत में दो परस्पर अलग वस्तुओं के बीच में संबंध, तुलना या समानता का बिंदु ढूढ़ना पड़ता है। चलिए, एक संकेत देता हूँ। इन दो वस्तुओं के बीच का संबंध एक शब्द है। किसी भी शब्द के सामान्यतः कई अर्थ होते हैं। उस शब्द का अर्थ अथवा प्रयोग उन अलग-अलग वस्तुओं के बीच का संबंध दिखाता है। यही निस्बतों का आधार है।    

निस्बत को, एवं फारसी से आये चिस्तान (वह कौन-सी चीज़ है, वह कौन है, वह क्या है, वह क्या है, वह कौन-सा, वह कौन-सी… पर आधारित प्रश्न) को, पारम्परिक परिभाषा के आधार पर पहेली नहीं कह सकते हैं। मूलतः अमीर खुसरो की देन - निस्बतें एवं दो सुखना, और चिस्तान, प्रश्न पर आधारित बुझौवल हैं। अंग्रेजी में निस्बत का समतुल्य what is the similarity between वाले riddle प्रश्न हैं। 


जो भी हो, इन प्रश्नों पर आप और हम माथापच्ची करते हैं, दिमागी कसरत करते-करवाते हैं और ठीक उसी तरह इन नयी प्रकार की पहेलियों का उत्तर खोजने का प्रयास करते हैं जैसे पहेली बूझने में। निस्बतों से मनोरंजन होता है और ज्ञान-वर्द्धन भी - शब्द सम्पदा बढ़ती है और एक शब्द के विभिन्न अर्थों/प्रयोगों से परिचय होता है। इस तरह के पहेली प्रश्न समस्या को सुलझाने की क्षमता (problem solving aptitude) को विकसित करने में सहायक होते हैं। 

तो आइये, पहले खुसरो द्वारा बनाई गई निस्बतों से मिलते हैं। चूँकि निस्बतें आज बहुत लोकप्रिय नहीं हैं, इसलिए खुसरो की निस्बत पहेलियाँ उत्तर सहित नीचे दी गई हैं: 

१) आदमी और गेहूं में क्या निस्बत है? 
- 'बाल'। आदमी के सिर पर बाल होते हैं और खेत में उगे गेहूं के भी बाल होते हैं।
२) बादशाह और मुर्ग में क्या निस्बत है? 
- ताज। बादशाह ताज (राजमुकुट) धारण करता है और मुर्गे के सिर पर भी ताज (कलंगी)  होता है।

३) मकान और पायजामे में क्या निस्बत है? 
- मोरी। मकान में नाली को मोरी कहते हैं और पायजामे में नीचे की घेर (मोहरी) को भी मोरी कहते हैं। 
४) कपड़े और नदी में क्या निस्बत है? 
- पाट। कपड़े और नदी दोनों की ही चौड़ाई को पाट कहते हैं।

५) आम और जेवर में क्या निस्बत है? 
- कीरी। कीरी उस आम को कहते हैं जिस पर पत्ते का दाग लगने से कुछ भाग काला हो जाता है।दूसरी ओर कीरी एक गहने का भी नाम है जो हाथ में पहना जाता है। 

६) जानवर और बन्दूक में क्या निस्बत है? 
- घोड़ा। घोड़ा एक प्रकार का जानवर है तो वहीं बन्दूक का वह भाग जिसको दबाने से गोली चलती है उसे घोड़ा कहते हैं।

७) मकान और कपड़े में क्या निस्बत है?

- लट्ठा। मकान बनाने में लट्ठा लगता है और एक प्रकार का कपडा लट्ठा होता है।  

८) गोटे और आफ़ताब (सूर्य) में क्या निस्बत है?

- किरन। गोटे किनारी की झालर को किरन कहते हैं और सूर्य की किरण। 

९) गहने और दरख़्त (पेड़) में क्या निस्बत है?

- पत्ता। पत्ते जैसा एक गहना जो कानों में पहना जाता था और पेड़ का पत्ता। 

१०) मकान और अनाज में क्या निस्बत है?

- कंगनी। मकान की छत के नीचे उसकी सुंदरता बढ़ाने के लिए बनाई गयी लकीर और एक तरह का चावल जिसे कंगनी कहते हैं।         

***

निस्बतें हैं न मज़ेदार। इन पहेलियों को बूझने की गूढ़ बात समझ गए तो… 

अच्छा लगा! तो अपने परिवार और मित्रों के बीच इस संबंध पहेली को प्रसारित करें। और आप भी निस्बत संबंध पहेली बना कर लिख भेजें। आपके नाम सहित इसे बूझो तो जानें पर मैं प्रकाशित करूँगा।  अपनी प्रतिक्रिया और पहेलियाँ इस पते  पर भेजें - bujhotojaaneATgmailDOTcom   

***

यह पोस्ट १२ अगस्त २०१० में लिखे निस्बतें पोस्ट का संशोधित एवं परिवर्द्धित संस्करण है जिसमें १३ अक्टूबर २०१५ को परिवर्तन किया गया है । 

लेबल: , ,